मथुरा. दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने सोमवार को रमणरेती आश्रम में आयोजित संत सम्मेलन में कहा कि, चीन के बराबर भारत की आबादी है। भारत चीन से किसी तरह कमजोर नहीं है। भारत को अच्छी तरह से चीन को सबक सिखाना आता है। कहा कि, भारत सभी संस्कृति को संजोकर रखने वाला देश है और यहां सभी धर्म के लोग आपको मिल जाएंगे।
दलाई लामा ने कहा कि आज की सबसे बड़ी जरूरत विश्व में आपसी प्रेम की है। इसी से मुल्कों के बीच की दुश्मनी को दूर किया जा सकता है। एक शांत और नए विश्व का निर्माण किया जा सकता है। अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान दलाई लामा रमणबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भी गए। आश्रम के गुरुकुल के ऋषि कुमारों द्वारा संस्कृत के स्वास्ति वाचन किया गया।
उन्होंने भारतीय संस्कृति को बेहतर बताया। कहा कि, करुणा व अहिंसा पर बल देने से बहुत कुछ प्राप्त हो सकता है। मालूम हो कि, आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा रविवार को मथुरा पहुंचे थे। उनका रमणरेती आश्रम में अभिषेक के साथ स्वागत किया गया। आश्रम में बने मंच पर चांदी के सिंहासन पर दलाई लामा को बैठाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य मंदिर के संतों ने दलाई लामा का चरण पूजन किया। इसके बाद उनके श्री चरणों पर चंदन लेपन कर फूल अर्पित किए गए।